मुंगेर, अप्रैल 04 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री और राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शनिवार को कहा कि भूमि विवाद,अवैध कब्जा और राजस्व व्यवस्था में अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करेगी।

श्री सिन्हा ने आज यहां आयोजित भूमि सुधार जन-कल्याण संवाद में स्पष्ट शब्दों में कहा कि राज्य में भूमि सुधार का अभियान किसी भी हाल में रुकने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि जमीन का एक विवाद केवल दो लोगों का मामला नहीं होता, बल्कि यह दो परिवारों, दो गांवों और कई पीढ़ियों तक तनाव पैदा कर देता है। इसलिए राज्य सरकार ने संकल्प लिया है कि भूमि विवादों को केवल कागजों में नहीं, बल्कि जमीन पर समाप्त किया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भूमि सुधार जन-कल्याण संवाद इसी दिशा में उठाया गया एक बड़ा कदम है, जिसके माध्यम से सरकार सीधे जनता की शिकायत सुन रही है। उन्होंने कहा कि अब तक आयोजित जनसंवाद कार्यक्रमों में 15 हजार से अधिक शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिन्हें डिजिटल प्रणाली से दर्ज कर उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।

उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सरकारी जमीन या गरीबों की जमीन पर कब्जा करने वाले भूमि माफियाओं को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में अंचल अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कोई कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून से ऊपर नहीं है।उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को भी चेतावनी देते हुए कहा कि जमीन से जुड़े मामलों में यदि भ्रष्टाचार, लापरवाही या अनावश्यक देरी की शिकायत मिली तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। ईमानदारी से काम करने वाले अधिकारियों को सम्मान मिलेगा, लेकिन भ्रष्टाचार के लिए सरकार में कोई जगह नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित