, Feb. 2 -- लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने केंद्रीय बजट की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह बजट राजग की सोच को दर्शाता है। इस बजट में सभी वर्गों सभी क्षेत्रों की चर्चा की हैं । इस बजट में छात्राओं, युवाओं, महिलाओं, किसानों के कल्याण की चर्चा की गई है। सरकार ने बड़े सूक्ष्म तरीके से सभी वर्गों को ध्यान रखा है। इस बजट को कल्याणकारी बताते हुए उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित भारत के संकल्पों को पूरा करने वाला है। इसमें लोगो की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति का संकल्प दिखता है।
राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह बजट भारत के उज्जवल भविष्य की नींव को और मजबूत करता है। इसमें समाज के अंतिम व्यक्ति के मदद के लिए सरकार ने कई तरह के प्रावधान किए है।
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के मुख्य प्रवक्ता और विधान पार्षद नीरज कुमार ने कहा कि इस बजट में लीक से हटकर बजटीय व्यव्यस्था की गई और एक नए फ्रेम में समावेशी विकास, आत्मनिर्भर भारत और ग्रीन ग्रोथ के बुनियाद को रखा गया। इसके अलावा बजट में छोटे शहरों को नए विकास के केन्द्र के रूप में विकसित करने का प्रावधान किया गया है जिसका सबसे ज्यादा लाभ बिहार को मिलने वाला है।उन्होंने इस बजट के लिए प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि बजट में बीच पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने की चर्चा की गयी है। उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित भारत की परिकल्पना को साकार रूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा किया गया है। पहली बार बजट में सर्विस सेक्टर को महत्व दिया गया है।
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रदेश उपाध्यक्ष डी एन सिन्हा ने बजट को सकारात्मक बताते हुए कहा कि यह बजट संतुलित और सराहनीय है, जिसमे विकसित भारत के संकल्प पूरा करने की परिकल्पना है। इसमें आम लोगों के कल्याण की चर्चा की गई है।
संवाददाता सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय सह मीडिया प्रभारी और विधान पार्षद संजय मयूख और प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल भी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित