जयपुर , अप्रैल 13 -- राजस्थान के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि वह राजनीतिक रूप से वजूद में बने रहने के लिए अनर्गल आरोप और भ्रामक वक्तव्य दे रहे हैं।
श्री बेढ़म ने अपने बयान में कहा कि श्री गहलोत ही नहीं, बल्कि प्रदेश कांग्रेस में अंतर्कलह के कारण ऐसी होड़ मची है कि कौन ज्यादा बोले और सुर्खियों में रहे। उन्होंने कहा कि गहलोत को भजनलाल सरकार की तरफ अंगुली उठाने से पहले अपने कार्यकाल के उस दौर को याद करना चाहिए, जब निरंतर महिला अत्याचार के प्रकरण सामने आते थे। ऐसे प्रकरणों पर कोई कार्रवाई नहीं होती थी, क्योंकि अपराधियों को संरक्षण प्राप्त था।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार महिला सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता मानते हुए कार्य कर रही है। जिससे महिला अपराधों में कमी आई है, वहीं आमजन तक कानून व्यवस्था की सुलभ पहुंच सुनिश्चित हुई है। वहीं तत्कालीन गहलोत सरकार के समय में राजस्थान में अपराधों का ग्राफ तेजी से बढ़ा। महिला अपराध और साइबर क्राइम में प्रदेश पहले पायदान पर पहुंच गया था।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 की तुलना में हमारे कार्यकाल में वर्ष 2025 में अपराधों में 18.77 प्रतिशत की कमी आई है। वर्ष 2023 से 2025 में हत्या के प्रकरणों में 25.68 प्रतिशत, डकैती के प्रकरणों में 47.26 प्रतिशत तथा लूट के प्रकरणों में 50.75 प्रतिशत की कमी के साथ-साथ महिलाओं के विरुद्ध अत्याचारों में भी 9.94 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित