पुणे , फरवरी 21 -- इंडिया अगेंस्ट करप्शन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) नेता हेमंत पाटिल ने कांग्रेस पर राष्ट्रीय राजधानी में चल रहे इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान राजनीतिक मकसद से अंतरराष्ट्रीय मंच का गलत इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है।

श्री पाटिल ने समिट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा कथित तौर पर की गयी नारेबाजी और अर्ध नग्न प्रदर्शन की की कड़ी आलोचना की और इसे देश की गरिमा तथा वैश्विक छवि पर हमला करार दिया। इस समिट में कई देशों के प्रतिनिधि, बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनियां और नीति निर्माता शामिल हुए हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब भारत कृत्रिम बुद्धिमता और तकनीकी नवाचार में तेजी से वैश्विक नेता के तौर पर उभर रहा है, ऐसी घटनाएं बहुत निंदनीय हैं। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर समारोह के लिए पंजीकरण किया। समारोह स्थल पर पहुंचे और हॉल के अंदर नारे लगाते हुए अचानक अपनी टी-शर्ट उतार दीं।

श्री पाटिल ने कहा, "लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद होना आम बात है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में अर्ध नग्न होकर अफरा-तफरी मचाना लोकतंत्र का तरीका नहीं है। यह कोई प्रदर्शन नहीं है, बल्कि भारत की छवि खराब करने की कोशिश है।" उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने तकनीक और डिजिटल क्षेत्र में काफी तरक्की की है। उन्होंने कहा कि चाहे भारत-अमेरिका व्यापार समझौता हो या एआई क्षेत्र में निवेश , इन फैसलों का मकसद देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित