राजनांदगांव , नवंबर 19 -- महाराष्ट्र-मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ तीनों की सीमा पर स्थित बोरतलाव थाना क्षेत्र के कनघुर्रा जंगल में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच बुधवार सुबह हुई मुठभेड़ में हॉक फोर्स निरीक्षक आशीष शर्मा शहीद हो गये।
यह संयुक्त ऑपरेशन महाराष्ट्र, बालाघाट (मध्यप्रदेश), छत्तीसगढ़ (राजनांदगांव/खैरागढ़) तथा केंद्रीय सुरक्षा बल की टीमों द्वारा चलाया गया था।
राजनांदगांव पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुठभेड़ की शुरुआत सुबह करीब 8:30 बजे हुई, जब नक्सलियों ने जवानों पर घात लगाकर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में हॉक फोर्स के निरीक्षक आशीष शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि शहीद निरीक्षक शर्मा बालाघाट जिले में पदस्थ थे और अपनी बहादुरी के लिए जाने जाते थे। उन्हें तीन बार वीरता पुरस्कार (गैलेंट्री अवॉर्ड) से सम्मानित किया जा चुका था। मुठभेड़ के दौरान उन्हें गर्दन, सीने, पेट और पैर में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गये थे।
पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि तीन राज्यों के समन्वित अभियान के तहत यह कार्रवाई माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना पर की गई थी। छह अन्य जवानों के भी घायल होने की जानकारी मिली है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि प्रतीक्षारत है।
राजनांदगांव पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में तलाश ऑपरेशन अब भी जारी है और नक्सलियों की गतिविधियों को चिह्नति कर अभियान आगे बढ़ाया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित