राजनांदगांव , मार्च 23 -- हॉकी इंडिया एवं खेलो इंडिया के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ हॉकी द्वारा आयोजित 'अस्मिता वेस्ट ज़ोन हॉकी लीग' (सब जूनियर बालिका वर्ग) अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।

प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला एवं समापन समारोह 24 मार्च की सुबह साढ़े 7 बजे स्थानीय अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ हॉकी के महासचिव मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि महिला हॉकी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से देशभर में अस्मिता हॉकी लीग का आयोजन किया जा रहा है। राजनांदगांव में आयोजित इस प्रतियोगिता में पश्चिम जोन की चार टीमें-महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान और मेजबान छत्तीसगढ़-ने भाग लिया।

प्रतियोगिता के संयोजक मृणाल चौबे के अनुसार सभी मैच राउंड-रॉबिन लीग प्रणाली के तहत खेले गए। लीग चरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए हॉकी मध्य प्रदेश ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि मेजबान छत्तीसगढ़ दूसरे स्थान पर रहा। दोनों टीमें फाइनल में आमने-सामने होंगी। वहीं महाराष्ट्र तीसरे और राजस्थान चौथे स्थान पर रहा।

प्रतियोगिता में शीर्ष चार टीमों को नगद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 1 लाख 80 हजार रुपए, द्वितीय को 1 लाख 44 हजार रुपए, जबकि तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को 90-90 हजार रुपए प्रदान किए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित