राजनांदगांव , दिसंबर 01 -- ) छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव शहर में सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर प्रतिबंध के आदेश के पालन को लेकर नगर निगम की ओर से निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज निगम की टीम ने नंदई, तुलसीपुर और गंज चौक क्षेत्र में प्रतिबंधित झिल्ली पन्नी का विक्रय और उपयोग करते पाए गए कुल 10 व्यवसायियों पर जुर्माना लगाया तथा प्लास्टिक सामग्री जप्त की।

अभियान के तहत गंज चौक स्थित बजाज प्लास्टिक से 500 ग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त करते हुए 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं नंदई चौक के 4 किराना दुकानों तथा तुलसीपुर के 5 किराना दुकानों से कुल 4 किलो 500 ग्राम प्लास्टिक जब्त करते हुए 4,400 रुपये का अर्थदंड लगाया गया। इस प्रकार कुल 5 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जप्त किया गया और 5 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने कहा कि प्लास्टिक का अत्यधिक उपयोग पर्यावरण, मानव स्वास्थ्य और पशुओं के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। शासन के निर्देशानुसार नगर निगम का स्वास्थ्य अमला रोजाना शहरभर में भ्रमण कर व्यापारियों और नागरिकों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग न करने की समझाइश दे रहा है। समझाइश के बावजूद उपयोग या विक्रय करते पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने सभी व्यापारियों से अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों की नियमित साफ-सफाई रखें, प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग व विक्रय न करें और सड़े-गले खाद्य पदार्थों की बिक्री से बचें। साथ ही नागरिकों से कहा कि वे बाजार जाते समय कपड़े का थैला साथ रखें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, जिससे प्लास्टिक से होने वाले दुष्प्रभावों से बचाव संभव हो सके। निगम ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ यह अभियान प्रतिदिन जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित