पटना , जनवरी 07 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर कुमार मिश्र ने बुधवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार में बिहार का जो विकास हुआ है, उससे जनता अभिभूत है।

श्री मिश्र ने आज बयान जारी कर कहा कि राजग सरकार ने बिहार का कायाकल्प किया है। उन्होंने कहा कि राजग सरकार ने बिहार को पिछड़ेपन के गर्त से निकालकर विकास की पटरी पर लाया है। राजग सरकार में बिहार का जो विकास हुआ है, उससे जनता अभिभूत है।

श्री मिश्र ने कहा कि राजग सरकार का मतलब है विकास और रोजगार। उन्होंने कहा कि आज बिहार का शुमार देश के उन राज्यों में हो रहा है, जो सबसे तीव्र गति से विकास के पथ पर दौड़ रहा है। सुशासन और न्याय के साथ विकास राजग सरकार का मूलमंत्र है। सुशासन ऐसा कि कहीं किसी समय भी बिना डर-भय के लोग आ-जा सकें और न्याय के साथ विकास का मतलब है कि विकास की किरण हाशिए पर खड़े लोगों तक पहुंचे। अंतिम व्यक्ति भी विकास को महसूस करे।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि जनता और राजग के बीच का रिश्ता इतना मजबूत है कि इसे कोई डिगा नहीं सकता। यह रिश्ता भरोसे का है। उन्होंने कहा कि राजग की सरकार ने जनता के भरोसे को कभी नहीं तोड़ा और जनता ने भी राजग को कभी निराश नहीं किया। भरोसे और विश्वास का यह रिश्ता हमेशा कायम रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित