पटना , नवंबर 29 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष और उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने शनिवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार प्रदेश को विकसित बिहार बनाने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज पार्टी के चुनाव प्रबंधन विभाग की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में बूथ स्तर एजेंट (बीएलए) 1 को प्रदेश अध्यक्ष और उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल और बिहार के उप मुख्यमंत्री तथा गृहमंत्री सम्राट चौधरी ने सम्मानित किया। इस दौरान पार्टी के शीर्ष नेताओं ने सभी बूथ स्तर एजेंटों की प्रशंसा की।
डॉ. जायसवाल ने इस समारोह में आये लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि बिहार चुनाव में मतदाताओं ने अपना जनादेश देकर एक बार फिर प्रदेश में राजग की सरकार बनाई है। उन्होंने इस चुनाव के दौरान सतत परिश्रम के लिए सभी कार्यकर्ताओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके बिना यह जीत आसान नहीं थी।
भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बूथ लेवल एजेंट कार्यकर्ताओं ने जिस तरह से परिश्रम किया, उसका नतीजा चुनाव परिणामों में देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि इनके परिश्रम का परिणाम है कि आज भाजपा प्रदेश में सबसे अधिक विधायकों की पार्टी बनी है।
डॉ. जायसवाल ने कहा कि आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राजग सरकार बिहार को विकसित प्रदेश बनाने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राजग के प्रचंड जनादेश में एक-एक कार्यकर्ता के जी-तोड़ मेहनत का योगदान है। उन्होंने कहा कि दिन-रात मेहनत कर कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण प्रदर्शित करने वाले बीएलओ-1 को सम्मानित करना अद्भुत है। इन सभी लोगों को 243 सीटों की जिम्मेदारी दी गई थी, जिनमे से 202 सीटों पर राजग के उम्मीदवारों को जीत मिली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित