देवरिया , मार्च 15 -- राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने रविवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार देश को विकास और स्थिरता के रास्ते पर आगे बढ़ा रही है।
श्री चौधरी ने यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी समाजवाद को भूलकर जातिवाद की राजनीति कर रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सपा के पीडीए का अर्थ भी स्पष्ट नहीं है। किसानों को आगाह करते हुए उन्होंने कहा कि यदि किसान जातियों में बंट जाएगा तो उसकी समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं रहेगा।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री चरण सिंह के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि चौधरी चरण सिंह जातिवाद का अंत चाहते थे और ग्रामीण समाज को कुरीतियों से मुक्त करना चाहते थे। उन्होंने कहा कि देश की तरक्की किसानों की तरक्की से ही संभव है और इसी दिशा में राजग सरकार काम कर रही है।
रालोद अध्यक्ष ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने अपने कार्यकाल में जमींदारी प्रथा को समाप्त करने, किसानों के अधिकारों की रक्षा करने और ग्रामीण विकास मंत्रालय की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए थे। उसी सोच को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय का गठन किया, जिसका उद्देश्य युवाओं को उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित करना है।
उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार गांवों में निवेश बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम दिखाई दे रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित