सहरसा/दरभंगा/ मुजफ्फरपुर/ समस्तीपुर/ हाजीपुर , अक्टूबर 24 -- बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के समय देश में सबसे अधिक बेरोजगारी बिहार में बढ़ी है तथा अपराध और भ्रष्टाचार भी चरम सीमा पर है।

श्री यादव ने आज सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर से चुनाव प्रचार का शंखनाद किया। उन्होंने चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि नीतीश कुमार अपने बीस साल के कार्यकाल में भी बिहार से पलायन नहीं रोक पाए। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश में महागठबंधन की सरकार बनती है तो नया बिहार बनाएंगे। उनका सपना भ्रष्टाचार मुक्त बिहार बनाने का है। उन्होंने कटाक्ष करते हुये कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुजरात में फैक्ट्री लगाएंगे और बिहार में वोट मांगने आयेंगे, लेकिन ऐसा नहीं होने वाला है। उन्होंने कहा कि वह बिहारी हैं और बाहरी लोगों से नहीं डरते हैं। उन्होंने कहा कि यदि लालू यादव मोदी से नहीं डरते, तो क्या उनका बेटा भी नहीं डरेगा।

श्री यादव ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने अब तक मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित नहीं किया है। उन्होंने कहा कि अमित शाह ने खुद कह दिया कि चुनाव के बाद मुख्यमंत्री तय करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भाजपा ने हाइजैक कर लिया है। उनके साथ नाइंसाफी की जा रही है। बिहार को बाहरी ताकतें नियंत्रित नहीं करेंगी। बिहार को बिहारी ही चलाएगा, कोई बाहरी नहीं। हम बिहारी डरने वाले नहीं हैं।

राजद नेता ने दरभंगा जिले के केवटी विधानसभा क्षेत्र स्थित रैयाम चीनी मिल परिसर में जनसभा को संबोधित करते हुये कहा कि यदि महागठबंधन की सरकार बनी तो 20 महीने में रैयाम चीनी मिल को चालू किया जायेगा।उन्होंने आरोप लगाया कि राजग सरकार ने पिछले 20 वर्षों में बिहार के बेरोजगारों के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि यदि इस दौरान राज्य में चीनी मिलें, पेपर मिलें और अन्य उद्योग लगाए गए होते, तो आज युवाओं को पलायन नहीं करना पड़ता।

श्री यादव ने मुजफ्फरपुर के पारू विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा में कहा कि उनकी उम्र भले ही कम है, लेकिन जुबान पक्की है। उन्होंने कहा कि बिहार में नई सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन की सरकार बनने पर 20 दिन के अंदर नए कानून बनेंगे और उसके तहत 20 महीने के अंदर राज्य के हर परिवार से एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कहते हैं कि बिहार में जंगलराज नहीं रहेगा, लेकिन अब बिहार में दिनदहाड़े हत्याएं हो रही हैं और गोलीबारी भी हो रही है। उन्होंने कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कहा कि अपराधी और अपराध करने वाले किसी भी सूरत में बक्शे नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति, चाहे किसी राजनीतिक दल से ताल्लुक रखता हो, आम आदमी हो या कोई नेता, किसी को भी अपराध में संलिप्त पाया गया तो कार्रवाई होगी।

नेता प्रतिपक्ष ने समस्तीपुर के उजियारपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित महंथ नारायण दास हाईस्कूल मैदान में आयोजित जनसभा में कहा कि राजग की सरकार देश एवं राज्य में आने से सबसे अधिक बेरोजगारी बिहार में बढ़ी। उन्होंने कहा कि अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर आ गई है।गरीबों की पढ़ाई, दवाई और कमाई का कोई साधन विकसित नहीं हुई। उन्होंने कहा कि केवल महागठबंधन की तेजस्वी सरकार बिहार में बेरोजगारी दूर कर सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार के शासनकाल में थाने में शराब चूहे पी जाते हैं, अस्पताल में दवाई चूहे खा जाते हैं।बांध और पुल भी चूहे गिरा रहे हैं। यह कैसी सरकार है इसी से आप अंदाजा लगा सकते हैं।

श्री यादव ने आरोप लगाया कि अपराधी सरेआम घटना करके भाग जाते हैं। लोगों को न्याय मिलना तो दूर बगैर घूस दिए केस दर्ज नहीं होता है।दाखिल खारिज, नलजल जैसी योजनाओं में पदाधिकारी घूस लेते हैं। महंगाई चरम पर है, गरीब लोग अपने बच्चों के लिए बढ़िया वस्त्र नहीं खरीद पाते हैं।उन्होंने कहा कि यदि फिर से राजग की सरकार आयी तो हत्या, अपहरण एवं बलात्कार जैसे अपराध और बढ़ जाएंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान बिहार सरकार को दो गुजराती नरेंद्र मोदी और अमित शाह मिलकर चला रहे हैं। उन्होंने जनता को सुनहरा और नया बिहार बनाने की अपील की।उन्होंने कहा कि यदि महागठबंधन की सरकार बनी तो जो काम 20 साल में नीतीश कुमार की सरकार में नही हुआ है वह काम 20 माह में करके दिखाएंगे। कानून बनाकर प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जायेगी।

श्री यादव ने वैशाली जिले के राघोपुर विधानसभा क्षेत्र के बिदुपुर बाजार में राजद के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि राघोपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता इस बार विधायक नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री चुन रही है। जनता के जोश और उत्साह से स्पष्ट है कि लोगों ने उन्हें चिंता-मुक्त बना दिया है।उन्होंने कहा कि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने राजग पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास कोई विजन नहीं है। वे लोग हमारे विजन की नकल करते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित