पटना , अक्टूबर 07 -- राजनीतिक बयानबाज़ी के लिये मशहूर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद ने मंगलवार को एक बार फिर अपने खास अंदाज़ में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) पर तंज कसा है।
उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर साझा किये गये एक संक्षिप्त, लेकिन तीखे संदेश में लिखा है कि, 'छह और ग्यारह, एनडीए नौ दो ग्यारह!'इस पोस्ट के माध्यम से राजद प्रमुख श्री प्रसाद ने मौजूदा राजनीतिक हालात को लेकर राजग की एकता और स्थायित्व पर सवाल खड़े किये हैं। उन्होंने परोक्ष रूप से यह इशारा किया है कि राजग गठबंधन जल्द ही बिखर सकता है या उसमें दरारें गहराती जा रही हैं।
'छह और ग्यारह' और 'नौ दो ग्यारह', ये दोनों हिंदी की आम बोलचाल की कहावतें हैं, जिसमें 'छह और ग्यारह' का तात्पर्य जल्दबाजी या खिसक लेने की मानसिकता होता है। वहीँ 'नौ दो ग्यारह' एक लोकप्रिय मुहावरा है, जिसका मतलब 'भाग जाना' या 'फरार हो जाना' होता है।
राजनीतिक जानकारों की मानें तो लालू प्रसाद का यह संदेश स्पष्ट रूप से इंगित करता है कि राजग के घटक दल धीरे- धीरे गठबंधन से अलग होने की ओर बढ़ रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित