पटना , अक्टूबर 17 -- राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने इस बार के विधानसभा चुनाव में 35 महिला उम्मीदवारों को चुनावी समर में उतारा है, जिनमें से 14 फिर से अपनी तकदीर आजमायेंगी।
राजग के मुख्य घटक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बिहार विधानसभा चुनाव में नारी शक्ति पर भरोसा जताते हुये सुप्रसिद्ध लोक गायिका मैथिली ठाकुर और अंतरराष्ट्रीय शूटर श्रेयसी सिंह समेत 13 महिलाओं को अपना उम्मीदवार बनाया है। मैथिली ठाकुर अलीनगर से, श्रेयसी सिंह जमुई से ,पूर्व उप मुख्यमंत्री रेणु देवी बेतिया से, परिहार से गायत्री देवी,नरपतगंज से देवंती यादव ,किशनगंज से स्वीटी सिंह, प्राणपुर से निशा सिंह, कोढ़ा से कविता देवी, औराई से रमा निषाद और वारसलीगंज से अरुणा देवी को पार्टी की उम्मीदवार बनायी गयी हैं।इसी तरह छपरा से श्रीमती छोटी कुमारी,कोचाधामन से श्रीमती वीणा देवी ,मोहनियां (सुरक्षित) से श्रीमती संगीता कुमारी चुनावी अखाड़े में ताल ठोकती नजर आयेंगी।
भाजपा के कोटे से छह महिला विधायक रेणु देवी, श्रेयसी सिंह,कविता देवी,गायत्री देवी, निशा सिंह और अरुणा देवी को फिर से चुनाव लड़ने का अवसर मिला है। इस बार के चुनाव में भाजपा ने पिछले चुनाव में जीती तीन महिला विधायक रामनगर से भागीरथी देवी ,कटोरिया (सु) से निक्की हेम्ब्रम और नरकटियागंज से विधायक रश्मि वर्मा को बेटिकट कर दिया है। वर्ष 2020 के चुनाव में विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के टिकट पर निर्वाचित स्वर्णा सिंह पाला बदलकर भाजपा में शामिल हो गयी थी। इस बार स्वर्णा को भी भाजपा ने टिकट नहीं दिया है।
राजग के घटक जनता दल यूनाईटेड (जदयू) ने भी 13 महिलाओं को चुनावी अखाड़े में उतारा है।इनमें मधेपुरा से कविता साहा, गायघाट से कोमल सिंह, समस्तीपुर से अश्वमेध देवी, विभूतिपुर से रवीना कुशवाहा,केसरिया से श्रीमती शालिनी मिश्रा, शिवहर से श्रीमती श्वेता गुप्ता, बाबूबरही से श्रीमती मीना कामत, फुलपरास से श्रीमती शीला मंडल,,त्रिवेणीगंज (सुरक्षित) से सोनम रानी सरदार,अररिया से श्रीमती शगुफ्ता अजीम, धमदाहा से श्रीमती लेसी सिंह, बेलागंज से मनोरमा देवी और नवादा से विभा देवी शामिल हैं।
वर्ष 2000 में बेलागंज से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के टिकट पर जीते सुरेन्द्र प्रसाद यादव ने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में जहानाबाद से जीत हासिल की थी। उनके सांसद बनने के बाद रिक्त हुयी बेलागंज सीट पर हुये उपचुनाव में जदयू उम्मीदवार मनोरमा देवी में जीत हासिल की थी। वहीं विभा देवी ने वर्ष 2020 के चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के टिकट पर नवादा से चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी।
जदयू के कोटे से मीना कामत, लेसी सिंह, शालिनी मिश्रा, शीला मंडल, मनोरमा देवी और विभा देवी को फिर से चुनाव लड़ने का अवसर मिला है। जदयू ने त्रिवेणीगंज से बीणा भारती को बेटिकट कर दिया है जबकि रूपौली से वर्ष 2020 के चुनाव में जदयू के टिकट पर जीती बीमा भारती वर्ष 2024 में हुये लोकसभा चुनाव में जदयू से इस्तीफा देकर राजद में शामिल हो गयी थी।
राजग के घटक चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने छह महिलाओं को चुनावी दंगल में उतारा है। पार्टी ने बलरामपुर से श्रीमती संगीता देवी, मखदुमपुर से श्रीमती रानी कुमारी, मढ़ौरा से सीमा सिंह,गोविंदपुर से श्रीमती विनिता मेहता, बोचहा (सुरक्षित) से श्रीमती बेबी कुमारी और फतुहां से श्रीमती रूपा कुमारी को उम्मीदवार बनाया है।
वहीं जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा ने दो महिलाओं को उम्मीदवार बनाया है। इनमें इमामगंज सुरक्षित से दीपा कुमारी और बाराचट्टी सुरक्षित से ज्योति देवी शामिल है। इमामगंज सुरक्षित सीट पर वर्ष 2020 के चुनाव में जीतन राम मांझी ने जीत हासिल की थी। इसके बाद वर्ष 2024 के लोकसभा के चुनाव में श्री मांझी ने गया संसदीय सीट पर जीत हासिल की थी। उनके सांसद बनने के बाद रिक्त हुयी इमामगंज (सुरक्षित) सीट पर हुये उपचुनाव में दीपा कुमारी ने जीत हासिल की थी। हम के टिकट पर ज्योति देवी और दीपा कुमारी फिर से चुनाव लड़ेगी।
उपेन्द्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने एक सीट सासाराम से श्री कुशवाहा की पत्नी स्नेहलता को पार्टी का उम्मीदवार बनाया है।
वर्ष 2020 के चुनाव में राजग ने 37 महिलाओं को टिकट दिया था। राजग में शामिल जदयू ने सर्वाधिक 22 , भाजपा ने 13 , हम और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) ने एक-एक महिला को टिकट दिया। इनमें से भाजपा से नौ महिला रेणु देवी, श्रेयसी सिंह, निक्की हेम्ब्रम, कविता देवी, रश्मि वर्मा, गायत्री देवी, निशासिंह, भागरथी देवी और अरुणा देवी ने जीत हासिल की। इसी तरह जदयू से छह महिला उम्मीदवारों मीना कुमारी, लेसी सिंह, शालिनी मिश्रा, शीला कुमारी, बीमा भारती और वीणा भारती ने जीत हासिल की। हम के टिकट पर ज्योति देवी जबकि वीआईपी के टिकट पर स्वर्णा सिंह निर्वाचित हुयी थी।
पिछले चुनाव में राजग के टिकट पर 17 महिलाएं विधायक बनीं थी। देखना दिलचस्प होगा कि इस बार के चुनाव में राजग के टिकट पर कितनी महिला विधायक बनने में सफल हो पाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित