पटना , अक्टूबर 18 -- वर्ष 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में अपनी-अपनी पार्टी की करारी हार के बाद इस बार के विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के सुप्रीमो उपेन्द्र कुशवाहा और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की नैया पर सवार होकर चुनावी वैतरणी पार करने की कोशिश में हैं।

वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में श्री कुशवाहा ने छह दलों वाले ग्रैंड डेमोक्रेटिक सेक्युलर फ्रंट (जीडीएसएफ) का गठन किया। इस गठबंधन में श्री कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा), मायावती की बहुजन समाज पार्टी (बसपा), असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम), समाजवादी जनता दल (डेमोक्रेटिक),सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी और जनवादी पार्टी (सोशलिस्ट) शामिल रही। श्री कुशवाहा इस गठबंधन के लिये मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार थे। इस चुनाव में श्री कुशवाहा की पार्टी ने 99 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे, लेकिन सभी को पराजय का सामना करना पड़ा।

वहीं इसी चुनाव में सीट बंटवारे के सवाल पर, चिराग पासवान की अध्यक्षता में लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने राजग का दामन छोड़ दिया था। लोजपा ने 135 सीटों पर अकेले अपने दम पर चुनाव लड़ा। लोजपा ने जनता दल यूनाईटेड (जदयू) की सभी 115 सीटों के साथ राजग में शामिल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ,विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) की कुछ सीट पर भी उम्मीदवार उतारे थे। इस चुनाव में लोजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा और उसके केवल एक सीट पर जीत मिली। मटिहानी विधानसभा सीट से लोजपा उम्मीदवार राजकुमार सिंह ने जदयू उम्मीदवार नरेंद्र कुमार सिंह उर्फ बोगो सिंह को मात दी। हालांकि बाद में राजकुमार सिंह जदयू में शामिल हो गये और इसके बाद लोजपा के विधायकों की संख्या शून्य हो गयी।

इस बार के चुनाव में श्री कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) और चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) दोनों ही राजग के साथ हैं।

बिहार विधानसभा चुनाव में राजग में सीटों के बंटवारे के तहत लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) 29 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) छह सीटों पर चुनाव लड़ रही है।देखना दिलचस्प होगा कि राजग की चुनावी 'नैया' पर सवार कुशवाहा और चिराग चुनावी जंग में कितनी सीटों के साथ दरिया के किनारे पहुंचते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित