पटना , अप्रैल 02 -- जनसुराज के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक किशोर कुमार 'मुन्ना' ने नालंदा में महिला के साथ हुई अभद्रता की घटना पर कहा कि इन दिनों राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेता बिहार में अगला मुख्यमंत्री तलाशने में व्यस्त हैं और उन्हें प्रदेश में बिगडती कानून-व्यवस्था सुधारने की फुर्सत नही हैं।
श्री मुन्ना आज जनसुराज के नेताओं की एक टीम के साथ नालंदा पहुंचे, जहाँ नूरसराय थाना क्षेत्र के एक गांव में कुछ बदमाशों ने एक विवाहिता के साथ सार्वजनिक रूप से दुष्कर्म का प्रयास किया था।
जनसुराज पार्टी के नेता पीड़िता के परिजनों से मिले और इस घटना के बारे में उनसे बात की। पीड़िता के परिजनों से मिलने के बाद श्री मुन्ना ने कहा कि घटना शर्मशार करने वाली है। उन्होंने कहा कि बेटियों की इज्जत पर हमला बेहद दुखद और दर्दनाक है।
जनसुराज के नेता ने आज यहाँ संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि यह अफसोसजनक बात है कि प्रशासन इस मामले में सिर्फ खानापूर्ति कर रहा है। उन्होंने कहा कि पीड़िता के साथ इस घटना को अंजाम देने वाले अपराधी आज खुली हवा में घूम रहे हैं और उनकी अबतक गिरफ्तारी नहीं हुई है।
श्री मुन्ना ने कहा कि प्रदेश में इस तरह की घटनाएँ लगातार घटित हो रही हैं और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जिले है और ज्ञान की धरती पर हुई इस घटना ने बिहार की छवि को राष्ट्रीय स्तर पर खराब किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार के ध्यान देना चाहिए और समझना चाहिए कि उनके राज में बेटियों के साथ कैसे कैसे अत्याचार तथा दुष्कर्म हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार को कोई बेटी नही है और वह बिहार की राजनीति में अपने बेटे की ताजपोशी में लगे हुए है।
जनसुराज के नेता ने बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को घेरते हुए कहा कि इस घटना के बाद उनकी चुप्पी दुर्भाग्य पूर्ण है। उन्होंने कहा कि जब से सम्राट चौधरी को बिहार में गृहमंत्री बनाया है, प्रदेश में आपराधिक घटनाएँ बढती जा रही हैं।
श्री मुन्ना ने कहा कि सबसे बड़ी बात है, कि जिन माताओं और बहनों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को 10 हजार रूपये के लोभ में वोट दिया, आज उन्हीं महिलाओं की अस्मिता सुरक्षित नही है और उनके साथ आपराधिक घटनाएँ हो रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित