जयपुर , मई 04 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को मिले प्रचंड जनसमर्थन पर कार्यकर्ताओं के साथ खुशी जाहिर करते हुए कहा है कि यह जनादेश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व, सेवा, सुशासन और विकास के प्रति जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक है।
श्रीमती दियाकुमारी इस अवसर पर यहां कार्यकर्ताओं को मिठाई खिलाकर इस ऐतिहासिक विजय का उत्सव मना रही थी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई देते हुए जनता का आभार व्यक्त किया और जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि भाजपा के नेतृत्व में एक साफ-सुथरी और मजबूत सरकार बनने जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि श्री मोदी और केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में पार्टी प्रत्याशियों ने शानदार प्रदर्शन किया है, जिसके परिणामस्वरूप पहले से अधिक सीटें प्राप्त हुई हैं।
उन्होंने कहा कि इस चुनाव परिणाम से साफ है कि जनता ने भाजपा के कामकाज को सराहा है। अब जनता केवल वादों पर नहीं, बल्कि काम पर विश्वास करती है और झूठे आश्वासनों से भ्रमित नहीं होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित