पटना , दिसंबर 13 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने शनिवार को कहा कि चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत केवल एक चुनावी सफलता नहीं, बल्कि प्रदेश के विकास, जनकल्याण और उज्ज्वल भविष्य के संकल्प की विजय है।
डॉ. जायसवाल ने आज यहां दीघा विधानसभा क्षेत्र में 'अभिनंदन दीघा- कार्यकर्ता सम्मान समारोह' को संबोधित करते हुये कहा कि नीतीश कुमार के कार्यों पर बिहार की जनता ने बड़ा जनादेश देकर एक बार फिर मुहर लगा दी है। उन्होंने समर्पित कार्यकर्ताओं का हृदय से अभिनंदन करते हुए कहा कि संगठन की असली ताकत समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि यह जीत सभी कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम, अनुशासन, समर्पण और जनता के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बूथ से लेकर जनसंपर्क तक, हर कार्यकर्ता ने राजग के विकास और सुशासन के संकल्प को घर-घर तक पहुंचाने का काम किया, और यह जीत उसी की परिणति है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राजग कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए कहा, "आप सभी का उत्साह और ऊर्जा ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। यह जीत केवल एक चुनावी सफलता नहीं, बल्कि बिहार के विकास, जनकल्याण और उज्ज्वल भविष्य के संकल्प की जीत है।"डॉ. जायसवाल ने लोगों को भरोसा देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की जोड़ी बिहार को विकास की नई बुलंदियों पर पहुंचा देगी। इस दौरान उन्होंने विधायक संजीव चौरासिया की भी तारीफ करते हुए कहा कि वह दीघा के विकास के लिए सदैव समर्पित रहते हैं, जिसका परिणाम चुनाव में दिखता है।
बिहार के उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने कार्यकर्ताओं के परिश्रम और निष्ठा को नमन करते हुए कहा कि सभी के मान सम्मान के लिए राजग सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने राजग पर जो विश्वास जताया है उसे सरकार पूरा करने की कोशिश करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित