अलवर , जनवरी 31 -- राजस्थान में अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र में एक पशु क्रूरता का मामला सामने आया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पिनान स्थित मानसिंह वाला कुएं की समीप शनिवार को सुबह एक नंदी (सांड) मिला जिसकी कमर पर कुल्हाड़ी से वार करके कुल्हाड़ी उसके शरीर में छोड़ दी गयी थी। नन्दी दर्द से तड़पता रहा।

सूचना मिलते ही राजगढ़ पुलिस और भौरंगी धाम गौशाला का दल मौके पर पहुंचा और घायल नन्दी को संभाला। कुछ देर बाद पशु चिकित्सकों का दल भी मौके पर पहुंचा, जिन्होंने नन्दी के शरीर में धंसी कुल्हाड़ी को बाहर निकाला और मौके पर ही उपचार शुरू किया। समय पर मिले उपचार से उसकी जान बच गयी।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और दोषियों की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित