राजकोट , जनवरी 24 -- पश्चिम रेलवे में गुजरात के अहमदाबाद-विरमगाम खंड पर स्वचालित सिग्नलिंग कार्य के चलते राजकोट मंडल से होकर जाने वाली कुछ ट्रेनें प्रभावित होंगी।
मंडल रेल प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि अहमदाबाद मंडल के अहमदाबाद-विरमगाम खंड में स्थित साबरमती ए केबिन (एसबीटीए) और साबरमती (एसबीटीई) स्टेशनों के बीच स्वचालित सिग्नलिंग प्रणाली के कमीशनिंग कार्य के लिए ब्लॉक लिया जाएगा। इस ब्लॉक के चलते राजकोट मंडल से होकर जाने वाली कुछ ट्रेनें प्रभावित होंगी। प्रभावित होने वाली ट्रेनों का विवरण इस प्रकार है।
उन्होंने बताया कि ट्रेन संख्या 22960 जामनगर-वडोदरा इंटरसिटी एक्सप्रेस दिनांक 27 जनवरी एवं 28 जनवरी को एवं ट्रेन संख्या 22959 वडोदरा-जामनगर इंटरसिटी एक्सप्रेस 26 जनवरी एवं 27 जनवरी को रद्द रहेगी।
इसी तरह ट्रेन संख्या 22926 ओखा-अहमदाबाद वंदे भारत एक्सप्रेस 27 जनवरी को साबरमती-अहमदाबाद के बीच एक ट्रिप के लिए आंशिक रूप से रद्द रहेगी। यह ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग वाया विरामगाम-साणंद-साबरमती-अहमदाबाद के स्थान पर परिवर्तित मार्ग वाया विरामगाम-कटोसन रोड-कालोल-साबरमती मार्ग से संचालित होगी।
इस दौरान इस ट्रेन को साणंद और साबरमती जंक्शन पर ठहराव नहीं दिया जाएगा तथा साबरमती बीजी (ब्रॉड गेज) स्टेशन पर ठहराव प्रदान किया जाएगा। यह ट्रेन साबरमती जंक्शन के स्थान पर साबरमती (बीजी) स्टेशन पर समाप्त होगी।
रेल यात्रियों से निवेदन किया गया है कि वे उपरोक्त फेरबदल को ध्यान में रखकर अपनी यात्रा प्रारम्भ करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित