देहरादून , अप्रैल 05 -- राजकीय दून मेडिकल कॉलेज के एनाटॉमी विभाग की पीजी रेजिडेंट्स डॉ. शिवांगी ठाकुर एवं डॉ. कृतिका ने जयपुर के विश्व क्लिनिकल एनाटॉमिस्ट्स कांग्रेस में सर्वश्रेष्ठ मौखिक प्रस्तुति का पुरस्कार प्राप्त कर संस्थान एवं प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है।
यह कार्यक्रम राजस्थान के जयपुर स्थित एनआईएमएस यूनिवर्सिटी में दो से चार अप्रैल तक आयोजित हुआ था।
मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉक्टर गीता जैन ने रविवार को बताया कि यह उपलब्धि न केवल एनाटॉमी विभाग बल्कि पूरे राजकीय दून मेडिकल कॉलेज के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। दोनों रेजिडेंट्स ने अपने उत्कृष्ट शोध कार्य, वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से यह सम्मान अर्जित किया।
उन्होंने कहा कि राजकीय दून मेडिकल कॉलेज के छात्र लगातार राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं, जो संस्थान में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं शोध को मिल रहे प्रोत्साहन को दर्शाता है।
डॉ गीता जैन एवं एनाटॉमी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ जॉली अग्रवाल ने दोनों रेजिडेंट्स को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी है ,तथा उनके उज्ज्वल शैक्षणिक एवं व्यावसायिक भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित