नयी दिल्ली , दिसंबर 30 -- भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी राकेश अग्रवाल को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के महानिदेशक (डीजी) पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मौजूदा डीजी सदानंद वसंत दाते को उनके मूल कैडर महाराष्ट्र में वापस भेजे जाने के बाद यह फैसला लिया है।

श्री अग्रवाल 1994 बैच के हिमाचल प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं और वर्तमान में आतंकवाद जांच एजेंसी में विशेष डीजी के पद पर तैनात हैं। उन्हें इस साल सितंबर में एडीजी से पदोन्नत कर इस पद पर नियुक्त किया गया था। सूत्रों के अनुसार गृह मंत्रालय का यह कार्यालय ज्ञापन सोमवार को जारी किया गया।

कैबिनेट की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने पहले सदानंद दाते की समयपूर्व वापसी को मंजूरी दी थी। श्री अग्रवाल नए नियमित प्रमुख की नियुक्ति होने तक अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे।

उन्होंने पहले केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल में सेवा दी है और एक केंद्रीय एजेंसी में भी कार्य किया है, जबकि 2024 में उन्हें एनआईए में एडीजी नियुक्त किया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित