मुंबई , अक्टूबर 23 -- शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद संजय राउत ने गुरुवार को कांग्रेस के नेताओं से महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनावों में विपक्षी एकता को प्राथमिकता देने का आग्रह किया जिससे राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा नीत महायुति गठबंधन को हराया जा सके।

एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री राउत ने कांग्रेस नेताओं से महाराष्ट्र और राष्ट्र के समक्ष उत्पन्न "राजनीतिक एवं लोकतांत्रिक संकट" के बीच अधिक जिम्मेदार रुख अपनाने का आह्वान किया।

श्री राउत ने कहा, "हमें लोकतंत्र, संविधान और मुंबई को बचाने के लिए यह लड़ाई लड़नी होगी।" इस बयान को व्यापक रूप से राज ठाकरे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) को महा विकास अघाड़ी (एमवीए) में शामिल करने के मुद्दे पर असंतुष्ट कांग्रेस सदस्यों के लिए एक स्पष्ट संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

जहां एक ओर एमवीए और मनसे वोट चोरी जैसे मुद्दों पर एकमत दिखाई देते हैं, वहीं ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना और कांग्रेस के बीच आंतरिक कलह बनी हुई है, खासकर एमवीए गठबंधन में मनसे को शामिल करने को लेकर। उद्धव और राज ठाकरे की हालिया मुलाकातों से बहुत सारी अटकलों को हवा मिली है।

उल्लेखनीय है कि प्रदेश कांग्रे अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल और मुंबई कांग्रेस के पूर्व प्रमुख भाई जगताप सहित कई कांग्रेस नेताओं ने मनसे को प्रवेश देने के प्रस्ताव का खुलकर विरोध किया है क्योंकि राज ठाकरे को उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का करीबी माना जाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित