रांची, 15अक्टूबर (वार्ता) झारखंड में मौसम का मिज़ाज अब पूरी तरह से बदलने लगा ओर सर्दी की ओर बढ़ चुका है।

राजधानी रांची और अन्य जिलों में तेज धूप के बावजूद सुबह-शाम की ठंड ने लोगों को ठिठुरन का अहसास करा दिया है। रांची में पिछले 24 घंटे में साफ आसमान और तेज धूप के बीच सुबह शॉल और जैकेट में लोग सड़कों पर टहलते देखे गए। शाम के समय, खासकर 6 बजे के बाद ठंडी हवाओं ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में ठंड और तेज होगी।

लातेहार जिला इस समय झारखंड का सबसे ठंडा क्षेत्र बन गया है जहां न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। वहीं रांची में भी रात के तापमान में लगभग 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान अब 16 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच है। मौसम विभाग ने आज के लिए किसी भी तरह का अलर्ट नहीं जारी किया है, लेकिन शाम के बाद ठंडी हवाओं के चलने का अनुमान लगाया गया है। आसमान स्पष्ट रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा।

मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि मानसून झारखंड से पूरी तरह विदा हो चुका है। राज्य में अब कोई सिनॉप्टिक सिस्टम प्रभावी नहीं है, जिससे दिवाली और छठ जैसे प्रमुख त्योहार साफ-सुथरे और खुशनुमा मौसम में मनाए जाएंगे।

रांची के ध्रुवा डैम में इन दिनों सूर्यास्त का नजारा बेहद खूबसूरत दिख रहा है। बारिश के बाद आसमान साफ होने से शाम के वक्त यहाँ भारी संख्या में लोग इकट्ठा होकर प्राकृतिक दृश्य का आनंद ले रहे हैं। नेतरहाट और पूर्वी सिंहभूम जैसे पर्वतीय इलाकों में भी सर्द मौसम के बीच पर्यटन स्थलों पर रौनक लौट आई है, जो पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं।

इस तरह झारखंड के विभिन्न हिस्सों में मौसमी बदलाव के चलते ठंड बढ़ने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी, जिससे सावधानी बरतना आवश्यक होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित