रांची, मार्च 10 -- झारखंड के राज्यपाल सह विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार ने आज अहम फैसला लेते हुए प्रो. सरोज शर्मा को रांची विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया है।
राज्यपाल ने झारखंड राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम के अनुच्छेद 10 (2) के तहत मिली शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए यह नियुक्ति की है। इउल्लेखनीय है कि प्रो. सरोज शर्मा फिलहाल गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय, द्वारका (नई दिल्ली) के स्कूल ऑफ एजुकेशन में प्राध्यापक और संकायाध्यक्ष के तौर पर कार्यरत हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव और प्रशासनिक समझ को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में रांची विश्वविद्यालय में शैक्षणिक और प्रशासनिक स्तर पर नए बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
लोकभवन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, प्रो. सरोज शर्मा की नियुक्ति विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को सुदृढ़ करने और प्रशासनिक कार्यों को गति देने के उद्देश्य से की गई है। श्री गंगवार ने उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में रांची विश्वविद्यालय नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित