रांची , जनवरी 16 -- रांची रॉयल्स ने पुरुष हीरो हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) में अपनी जीत का सिलसिला जारी रखते हुए, शुक्रवार को सीजन के अपने आखिरी घरेलू मैच में जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब को 4-1 से हराकर लगातार तीसरी जीत हासिल की।
आज यहां मरांग गोमके जगपाल सिंह एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम में टॉम बून ने (20वें, 22वें) मिनट में दो गोल और मनदीप सिंह ने (47वें) और मनमीत सिंह राय ने (14वें) मिनट किये गये गोल की मदद से रांची रॉयल्स अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई। वहीं, जीतपाल ने (52वें) मिनट में सूरमा के लिए मैच का एकमात्र गोल किया।
मैच की शुरुआत काफी रोमांचक रही, दोनों टीमें शुरुआती पलों में ही अपनी पकड़ बनाना चाहती थीं। जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब ने पहले पांच मिनट के अंदर अपना पहला पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, जिससे मैच का पहला सेट-पीस मौका बना। पहले क्वार्टर में तीन पेनल्टी कॉर्नर मिलने के बावजूद, वे रांची रॉयल्स के गोलकीपर सूरज करकेरा को भेद नहीं पाए। पहले पंद्रह मिनट में दोनों टीमों ने 8 सर्कल एंट्री कीं, लेकिन रॉयल्स ने सैम लेन के चालाक रिकोशे के बाद मनमीत सिंह राय (14') के गोल से बढ़त बना ली। मिडफील्डर गेंद को नेट में डालने में कामयाब रहे, जिससे पहले क्वार्टर के अंत में उनकी टीम आगे हो गई।
बढ़त मिलने के बाद, रांची रॉयल्स का आत्मविश्वास बढ़ा और उन्होंने सूरमा के डिफेंस को फैलाने के लिए पास देना शुरू कर दिया। जल्द ही उन्होंने टॉम बून (20') के गोल से अपनी बढ़त दोगुनी कर दी, जब सर्कल में लैचलान शार्प का शुरुआती प्रयास उनके पास आया। इसके दो मिनट बाद बेल्जियम के खिलाड़ी ने पेनल्टी कॉर्नर से ड्रैगफ्लिक को गोल में बदला, जिससे रॉयल्स को तीन गोल की बढ़त मिल गई और हाफ टाइम तक वे मैच पर हावी रहे।
दूसरे हाफ में जेएसडब्लयू सूरमा हॉकी क्लब के पास गेंद का ज़्यादातर कब्ज़ा था क्योंकि वे कुछ लय हासिल करना चाहते थे। वे गोल करने के बहुत करीब थे, लेकिन जोशुआ बेल्ट्ज़ ने बॉल को लाइन से हटा दिया, जिससे रांची रॉयल्स की तीन गोल की बढ़त बरकरार रही। मेज़बान टीम को भी कुछ मौके मिले, खासकर तीसरे क्वार्टर में जब उन्होंने खेल पर कंट्रोल रखा और सैम लेन ने गोल पर शॉट मारा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित