रांची , फरवरी 07 -- झारखंड के रांची नगर निगम मेयर चुनाव में प्रत्याशी रमा खालखो को चुनाव चिन्ह "बेंच" आवंटित किया गया है।

चुनाव चिन्ह मिलने के बाद उन्होंने रांची की जनता से समर्थन की अपील करते हुए अपनी सामाजिक यात्रा, दृष्टि और प्राथमिकताओं को सार्वजनिक किया।

श्रीमती खालखो ने कहा कि नगर निगम चुनाव शहर के विकास, स्वच्छता, बुनियादी सुविधाओं और नागरिकों के कल्याण से जुड़ा एक महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक अवसर है। उन्हें मिला "बेंच" चुनाव चिन्ह न केवल उनकी उम्मीदवारी का प्रतीक है, बल्कि शिक्षा, न्याय, समानता और सामुदायिक एकता जैसे मूल्यों को भी दर्शाता है।

श्रीमती खालखो ने कहा कि "बेंच" सबसे पहले शिक्षा की याद दिलाती है, जहां बच्चे बैठकर ज्ञान अर्जित करते हैं। मेयर बनने पर रांची में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा, ताकि शहर के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और समान अवसर मिल सकें। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यह चिन्ह न्याय और पारदर्शिता का भी प्रतीक है, जो नगर निगम प्रशासन में निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

श्रीमती खालखो ने कहा कि एक बेंच पर कई लोग साथ बैठते हैं, जो सामुदायिक एकता और सहयोग की भावना को दर्शाता है। रांची के समग्र विकास के लिए वे सभी वर्गों को साथ लेकर चलेंगी और जनभागीदारी को बढ़ावा देंगी।

रांची की बेटी बताते हुए उन्होंने कहा कि इस शहर से उनका भावनात्मक जुड़ाव है। उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में स्वच्छ और हरा-भरा रांची, बेहतर कचरा प्रबंधन, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, मजबूत सड़क और बिजली व्यवस्था, महिला एवं युवा सशक्तिकरण, रोजगार के अवसरों का सृजन और पारदर्शी, भ्रष्टाचार-मुक्त नगर निगम शामिल है।

श्रीमती खालखो ने रांची की जनता से अपील की कि आगामी नगर निगम चुनाव में क्रम संख्या 5 पर "बेंच" चुनाव चिन्ह पर मतदान कर उन्हें सेवा का अवसर दें। रमा खालखो ने विश्वास जताया कि जनता के सहयोग से रांची को एक आदर्श, विकसित और खुशहाल शहर बनाया जा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित