भोपाल , अक्टूबर 25 -- रांची में 24 से 26 अक्टूबर 2025 तक आयोजित 4th साउथ एशियन सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में मध्यप्रदेश राज्य एथलेटिक्स अकादमी, भोपाल के धावक अर्जुन वास्कले और शॉट पुट खिलाड़ी समरदीप सिंह गिल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीते।

1500 मीटर दौड़ में अर्जुन ने शुरू से ही अपनी रफ्तार बनाए रखी और 3:54.58 सेकंड के समय के साथ फिनिश लाइन पार कर भारत को स्वर्ण पदक दिलाया। उनके पीछे श्रीलंका के गल्लागे रुसीरु चथ ने रजत और रोजिदीन मोहामथु ने कांस्य पदक प्राप्त किया। अर्जुन की रणनीति और अंतिम लैप में दमदार स्प्रिंट ने दर्शकों और निर्णायकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

वही शॉट पुट में समरदीप सिंह गिल ने 19.59 मीटर के उत्कृष्ट थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने भारतीय टीम की कप्तानी करते हुए देश और मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाया।

मध्यप्रदेश के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके प्रदर्शन को प्रदेश के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी बताया।

दोनों खिलाड़ियों की इस सफलता के पीछे मध्यप्रदेश राज्य एथलेटिक्स अकादमी, भोपाल में मिले उच्चस्तरीय प्रशिक्षण और अनुभवी कोचों का मार्गदर्शन प्रमुख रहा। अकादमी के आधुनिक संसाधन और खेल विभाग की नीतियाँ खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित कर रही हैं।

अर्जुन वास्कले और समरदीप सिंह गिल के स्वर्ण पदक न केवल प्रदेश की खेल नीति की सफलता का प्रतीक हैं, बल्कि यह साबित करते हैं कि मध्यप्रदेश अब देश का उभरता हुआ स्पोर्ट्स पावरहाउस बन चुका है। उनकी यह उपलब्धि अन्य युवा खिलाड़ियों को भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए प्रेरित करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित