रांची , नवम्बर 09 -- झारखंड की राजधानी रांची के बुढ़मू इलाके में शनिवार रात एक चिकित्सक की गला रेतकर हत्या कर दी गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक डॉक्टर क्लिनिक से अपने घर लौट रहे थे तभी रास्ते में दो आरोपियों ने अचानक हमला कर उनकी निर्मम तरीके से हत्या कर दी। इलाके में उन्हें बंगाली डॉक्टर के नाम से जाना जाता था। घटना की सूचना मिलते ही बुढ़मू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।
पुलिस ने जांच में पाया कि हत्या एक विवाद के कारण हुई है। पुलिस ने घटना में शामिल दो आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया है जबकि दूसरा अभी फरार है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर घटना की पूरी तहकीकात कर रही है। पुलिस सभी बिंदुओं पर छानबीन कर रही है।
इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर मामले का पूरी तरह खुलासा किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित