रांची , जनवरी 03 -- झारखंड उच्च न्यायालय के तत्वावधान में आयोजित दूसरा ऑल इंडिया जज बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026 का शनिवार को विधिवत शुभारंभ किया गया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान, न्यायमूर्ति रोंगोन मुखोपाध्याय, न्यायमूर्ति अनुभा रावत चौधरी तथा भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान निक्की प्रधान द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान ने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और आपसी सहयोग को मजबूत करने का भी सशक्त माध्यम हैं। ऐसे आयोजन न्यायपालिका के सदस्यों को अपने दायित्वों के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देते हैं।
यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित बैडमिंटन प्रतियोगिता 03 से 04 जनवरी तक राजधानी रांची स्थित खेलगांव परिसर के ठाकुर विश्वनाथ शहदेव इंडोर स्टेडियम (मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स) में आयोजित की जा रही है। टूर्नामेंट में देश के विभिन्न उच्च न्यायालयों-झारखंड, इलाहाबाद, मद्रास, तेलंगाना, बॉम्बे, ओडिशा, राजस्थान, केरल और कर्नाटक-से आए कुल 31 न्यायाधीश भाग ले रहे हैं।
प्रतियोगिता के दौरान मेन सिंगल्स, मेन डबल्स, वूमेन सिंगल्स और मिक्स्ड डबल्स-चार श्रेणियों में मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। टूर्नामेंट का उद्देश्य न्यायपालिका से जुड़े पदाधिकारियों के बीच खेल भावना, आपसी सौहार्द, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता तथा सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए खेलगांव परिसर में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बैडमिंटन कोर्ट, खिलाड़ियों के लिए विश्राम स्थल, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
उद्घाटन समारोह के दौरान जिला प्रशासन, रांची द्वारा किए गए उत्कृष्ट प्रबंधन और समन्वय की सराहना की गई। इस अवसर पर न्यायमूर्ति रोंगोन मुखोपाध्याय ने उपायुक्त-सह जिला दंडाधिकारी, रांची मंजूनाथ भजन्त्री को जिला प्रशासन के उल्लेखनीय सहयोग एवं कुशल प्रशासनिक व्यवस्था के लिए सम्मानित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित