रांची, 27सितम्बर (वार्ता) झारखंड की राजधानी रांची में जिला प्रशासन ने दुर्गा पूजा के शुभ अवसर पर स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और प्रभावी बनाने के लिए विशेष तैयारियां की हैं। सिविल सर्जन रांची, डॉ. प्रभात कुमार ने आज बताया कि इस बार कुल 22 एम्बुलेंस को ड्यूटी पर लगाया गया है, जिनमें से 14 एम्बुलेंस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात की गई हैं। इसके अलावा, जहां भी भीड़ अधिक रहने की संभावना है, वहां एम्बुलेंस के साथ चिकित्सकीय स्टाफ और कुछ स्थानों पर डॉक्टरों की भी मौजूदगी भी सुनिश्चित की गई है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
रांची सदर अस्पताल में विशेष रूप से आपात स्थिति के लिए बेड सुरक्षित रखे गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके। इसके साथ ही सभी प्रखंड अस्पतालों में भी बेड की व्यवस्था कराई गई है। निजी अस्पतालों को भी सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे किसी भी आकस्मिक स्थिति में लोगों का उपचार तत्परता से करें।
डॉ. कुमार ने साफ किया कि दुर्गा पूजा के दौरान किसी भी डॉक्टर को छुट्टी नहीं दी जाएगी, केवल अत्यंत आपात स्थिति में ही छुट्टियां मंजूर की जाएंगी। इसका उद्देश्य यह है कि त्योहार के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की कमियों को नहीं छोड़ा जाए। साथ ही उन्होंने सभी से अपील की कि वे इस पावन पर्व को आपसी मेल जोल और सौहार्द के साथ मनाएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित