रांची , फरवरी 10 -- झारखंड की राजधानी रांची में सोमवार देर रात से मंगलवार सुबह तक एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार ने शहर में दहशत फैला दी।

अलग-अलग इलाकों में कई लोगों को कुचलने और गंभीर घटनाओं को अंजाम देने के बाद कार सवार फरार होने की कोशिश करता रहा। सूचना मिलते ही रांची पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई और बड़े स्तर पर घेराबंदी कर पीछा अभियान शुरू किया गया।

पुलिस को सोमवार देर रात डायल 112 पर सूचना मिली कि ब्लैक रंग की एक स्कॉर्पियो कार (नंबर जे एच01 एफ डी 52एक्सएक्स) में सवार दो युवकों ने एक किन्नर को गाड़ी से कुचल दिया है। साथ ही आरोप है कि उन्होंने एक युवक की हत्या कर उसका शव वाहन में रखकर फरार हो गए हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस की कई टीमें तत्काल सक्रिय की गईं। सबसे पहले पुलिस की एक टीम ने सड़क पर घायल अवस्था में पड़े किन्नर को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जबकि अन्य टीमें संदिग्ध स्कॉर्पियो की तलाश में शहर के अलग-अलग इलाकों में सघन चेकिंग में जुट गईं। इसी दौरान मंगलवार सुबह उक्त कार ने फिर से शहर के विभिन्न हिस्सों में कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। लोगों को कुचलने के बाद चालक ने रुकने के बजाय गाड़ी की रफ्तार और बढ़ा दी।

लगातार मिल रही सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने जिले के कटहल मोड़ स्थित बास्की गांव के पास वाहन को रोकने की कोशिश की। लेकिन कार सवार ने यहां भी पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। स्थिति को जानलेवा देखते हुए पुलिस जवानों ने आत्मरक्षा में फायरिंग की।

पुलिस की फायरिंग के दौरान कार में सवार एक युवक गोली लगने से घायल हो गया। उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार घायल युवक का पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कार में कुल कितने लोग सवार थे और घटना के पीछे उनकी वास्तविक मंशा क्या थी।

पुलिस का कहना है कि कार सवार ने आम नागरिकों के साथ-साथ वर्दीधारी जवानों को भी कुचलने की कोशिश की, जिसके चलते बल प्रयोग करना आवश्यक हो गया। फिलहाल मामले की जांच तेज कर दी गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित