रांची , नवंबर 28 -- झारखंड के रिम्स अस्पताल में इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह सिमडेगा निवासी 30 वर्षीय अरुणिमा बा का निधन हो गया।
अरुणिमा ने 23 नवंबर को ऑपरेशन के जरिए तीन स्वस्थ बच्चों को जन्म दिया था, लेकिन प्रसव के बाद उनकी तबीयत काफी खराब हो गई थी। डॉक्टरों के अनुसार, किडनी में संक्रमण फैल गया था, जिसका इलाज चल रहा था, लेकिन वे इसे पार नहीं कर सकीं।
मृतका अरुणिमा मूल रूप से सिमडेगा जिले के रेंगारिह थाना क्षेत्र के पाईकपारा डेल्याटोली की रहने वाली थीं। वर्तमान में वह अपने पति गुलशन बा के साथ सिमडेगा के ठेठईटांगर के ताराबोगा गिरजाटोली में रहती थीं। परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत कमजोर है और राशन कार्ड में नाम न होने के कारण उन्हें सरकारी सहायता नहीं मिल पा रही थी। इस वजह से वे कई सरकारी योजनाओं और मदद से वंचित रह गए।
अरुणिमा के तीन नवजात बच्चों में से दो की हालत भी नाजुक बनी हुई है। दोनों बच्चों का इलाज रांची के कटहल मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी जान बचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पिता गुलशन बा अपनी पत्नी का शव स्वीकार करने तथा बच्चों के उपचार और घर से पहुंचाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था कर रहे हैं, लेकिन आर्थिक समस्याओं के कारण उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़।
परिवार ने इस मुश्किल वक्त में आर्थिक और चिकित्सा सहायता की गुहार लगाई है। उनका अनुरोध है कि दोनों नाजुक बच्चों के बेहतर इलाज के लिए तुरंत मदद की जाए।
रांची उपविकास आयुक्त दीपांकर चौधरी ने बताया कि प्रशासन पीड़ित परिवार से संपर्क कर हर संभव मदद करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित