रांची , अक्टूबर 19 -- झारखंड की राजधानी रांची के मोरहाबादी फुटबॉल ग्राउंड में दक्षिण एशियाई देशों के प्रमुख एथलीटों को एक साथ लाने वाली चौथी सैफ एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 2025 की तैयारियों की शनिवार को खेल निदेशालय रांची में समीक्षा की गई।

यह प्रतियोगिता 24 से 26 अक्टूबर तक बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम रांची में आयोजित होगीराज्य के खेल निदेशक शेखर जमुआर ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में बताया कि आयोजन समिति ने सभी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होकर काम किया है ताकि यह चैम्पियनशिप विश्वस्तरीय साबित हो सके। खिलाड़ियों के आवास से लेकर स्टेडियम की तैयारियों तक हर पहलू पर कड़ी निगरानी है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा गठित मॉनिटरिंग कमेटी आयोजन की सफलता के लिए समय-समय पर समीक्षा करेगी। राज्य के जिला खेल पदाधिकारी और अन्य अधिकारी पूरी तत्परता से जुड़े हुए हैं। प्रमुख भारतीय टीम 21 अक्टूबर को रांची आएगी, जहां रेडिसन ब्लू, बीएनआर चाणक्य और हॉलीडे होम में खिलाड़ियों का प्रवास सुनिश्चित किया गया है।

दर्शकों के लिए प्रवेश मुफ्त रहेगा तथा मीडिया, खिलाड़ी और अधिकारी के लिए अलग-अलग पवेलियन बनाए गए हैं। पत्रकारों के लिए मिक्स ज़ोन की व्यवस्था की गई है ताकि वे खिलाड़ियों एवं अधिकारियों से संवाद कर सकें। आयोजन स्थल पर 24 घंटे मेडिकल और इमरजेंसी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।

स्वच्छता व कचरा प्रबंधन को उच्च प्राथमिकता दी गई है। इसके साथ ही झारखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे दर्शकों को मनोरंजन का अवसर मिलेगा।

यह चैम्पियनशिप झारखंड की सांस्कृतिक विरासत और खेल विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जो दक्षिण एशिया में क्षेत्रीय एकता और खेल की उत्कृष्टता का जश्न मनाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित