रांची , दिसंबर 06 -- झारखंड की राजधानी रांची के विभिन्न चार परीक्षा केंद्रों में क्लैट -2026 परीक्षा रविवार 07 दिसंबर को आयोजित की गयी है।

कदाचारमुक्त वातावरण में परीक्षा का आयोजन कराने एवं विधि-व्यवस्था संधारण के लिए अपर जिला दंडाधिकारी, विधि व्यवस्था, राँची द्वारा पुलिस बल एवं पुलिस पदाधिकारी के साथ दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। असामाजिक तत्व परीक्षा केन्द्रों पर भीड़ लगाकर विधि-व्यवस्था भंग करने की चेष्टा कर सकते हैं, इस आशंका को देखते हुए अनुमंडल दंडाधिकारी, सदर, राँची द्वारा बीएनएसएस की धारा-163 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए परीक्षा केन्द्रों के 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा जारी की गई है।

उसमें से पाँच या पाँच से अधिक व्यक्तियों का एक जगह जमा होना (सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारियों/कर्मचारियों तथा सरकारी कार्यक्रम एवं शवयात्रा को छोड़कर)। किसी प्रकार का ध्वनि विस्तारक यंत्र का व्यवहार करना। किसी प्रकार का अस्त्र-शस्त्र, जैसे बंदूक, राईफल, रिवाल्वर, बम, बारूद आदि लेकर चलना (सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारियों/कर्मचारियों को छोड़कर)। किसी प्रकार का हरवे हथियार जैसे-लाठी-डंडा, तीर-धनुष, गड़ासा भाला आदि लेकर चलना (सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारियों / कर्मचारियों को छोडकर)। किसी प्रकार की बैठक या आमसभा का आयोजन करना शामिल हैं। यह निषेधाज्ञा दिनांक 07.12.2025 के मध्याह्न 12:00 बजे से अपराह्न 07:00 बजे तक प्रभावी रहेगा।

परीक्षा केन्दों के नाम नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ़ स्टडी एंड रिसर्च इन लॉ, रांची, एट नगरी, पी.ओ. बुकरू, पी.एस.-कांके, रांची, छोटानागपुर लॉ कॉलेज, न्याय विहार कैंपस, नामकुम, रांची, निरजा सहाय डीएवी पब्लिक स्कूल, गोशाला कॉम्प्लेक्स, कांके, रांची, सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ़ झारखंड, चेरी-मनातू, कमरे, कांके, रांची शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित