रांची, 26सितम्बर (वार्ता) झारखंड की राजधानी रांची स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार (होटवार) में शुक्रवार सुबह पुलिस और जिला प्रशासन ने करीब तीन घंटे तक सघन छापेमारी की। इस छापेमारी के दौरान जेल के कुख्यात कैदियों समेत सभी कैदियों के वार्डों, सेल, और जेल अस्पताल की विशेष जांच की गई।
जेल प्रशासन और पुलिस की टीम ने विभिन्न दल बना कर पुरुष और महिला वार्ड, सेल, और अस्पताल समेत जेल के हर कोने की गहनता से जांच की। पुलिस और प्रशासन के संयुक्त प्रयास से चलाए गए इस अभियान में जेल परिसर के अंदर कोई भी अवैध या आपत्तिजनक वस्तु मिलने की बात सामने नहीं आई।
जिला प्रशासन ने बताया कि छापेमारी के दौरान जेल की स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में पाई गई। जेल के अंदर शांति और सुव्यवस्था बनी रही और कोई अप्रिय घटना भी नहीं हुई। इस बार की कार्रवाई में जेल में कोई भी अवैध गतिविधि नहीं मिली, जिससे यह साबित होता है कि जेल प्रशासन और सुरक्षा बल व्यवस्थाओं को मजबूत बनाए रखने में सफल हैं।
यह छापेमारी उपयुक्त मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन के निर्देशानुसार सिटी एसपी पारस राणा और सदर एसडीओ उत्कर्ष गुप्ता के नेतृत्व में की गई। इसके साथ ही पुलिस उपाधीक्षक, सदर, कार्यपालक दंडाधिकारी, थाना प्रभारी सदर, एसडीओ खेलगांव, 12 से अधिक सब इंस्पेक्टर और बड़ी संख्या में पुलिस बल भी इस अभियान में शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित