रांची , फरवरी 05 -- झारखंड की राजधानी रांची में नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
रांची नगर निगम के मेयर पद के लिए आगामी 23 फरवरी 2026 को मतदान कराया जाएगा। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाचन अधिकारियों द्वारा स्क्रूटनी (जांच) की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। जांच के बाद मेयर पद के लिए नामांकन दाखिल करने वाले सभी 19 उम्मीदवारों को योग्य घोषित किया गया है।
इस बार मेयर पद के लिए चुनावी मैदान में कुल 19 प्रत्याशी हैं, जिनमें रमा खलखो, सुनील फकीरा कच्छप, देवी दयाल मुण्डा, कथरीना तिर्की, सोनू खलखो, राजेन्द्र मुण्डा, सुजाता कच्छप, विनोद कुमार बड़ाईक, संजय कुमार टोप्पो, प्रवीण कच्छप, सुमन कांत तिग्गा, अजीत लकड़ा, किरण कुमारी, सुरेंद्र लिंडा, रौशनी खलखो, रामशरण तिर्की, सुजीत कुमार कुजूर, सुजीत बिजय आनंद कुजूर और बीरू तिर्की शामिल हैं।
सभी प्रत्याशी अलग-अलग सामाजिक, राजनीतिक और क्षेत्रीय पृष्ठभूमि से आते हैं और अपने-अपने मुद्दों के साथ जनता के बीच पहुंच रहे हैं। चुनाव में शहर के विकास, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, सड़क एवं यातायात सुधार, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी, स्मार्ट सिटी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नगर निगम की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से उठाए जा रहे हैं।
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 6 फरवरी को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होगी, जिसके बाद अंतिम रूप से चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की सूची जारी की जाएगी। नाम वापसी के बाद चुनावी तस्वीर और स्पष्ट हो जाएगी तथा प्रत्याशी पूरे दमखम के साथ प्रचार में जुट जाएंगे।
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 23 फरवरी को मतदान कराया जाएगा, जबकि 27 फरवरी को मतगणना के बाद रांची नगर निगम को नया मेयर मिलेगा। ऐसे में यह चुनाव राजधानी के भविष्य की दिशा तय करने वाला माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित