रांची , फरवरी 05 -- झारखंड की राजधानी रांची के कांके स्थित रिनपास (रांची इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरो-साइकियाट्री एंड एलाइड साइंसेज़) में विशेष क्लीनिकों का शुभारंभ किया गया।
इन क्लीनिकों का औपचारिक उद्घाटन रिनपास की निदेशक डॉ. जयति सिमलाई द्वारा किया गया।
इस अवसर पर निदेशक डॉ. जयति सिमलाई ने कहा कि रिनपास में आने वाले सभी मरीजों एवं उनके परिजनों को सूचित करते हुए उन्हें यह बताते हुए प्रसन्नता हो रही है कि विशेषज्ञता आधारित विशेष क्लीनिकों की शुरुआत की गई है, ताकि मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं सुलभ बनाया जा सके।
रिनपास में शुरू किए गए विशेष क्लीनिकों में जेरियाट्रिक मनोचिकित्सा क्लीनिक, स्लीप क्लीनिक, एपिलेप्सी क्लीनिक, हेडेक क्लीनिक तथा बाल एवं किशोर क्लीनिक शामिल हैं। इन क्लीनिकों के माध्यम से मरीजों को निर्धारित दिवसों पर विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विशेष परामर्श, मूल्यांकन एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
रिनपास प्रबंधन ने मरीजों एवं उनके परिजनों से अपील की है कि वे संबंधित क्लीनिकों के निर्धारित दिवस, समय एवं कक्ष संख्या की जानकारी के लिए ओपीडी पंजीकरण काउंटर से संपर्क करें।
डॉ. जयति सिमलाई ने कहा कि रिनपास सदैव समर्पित भाव से उन्नत, संवेदनशील एवं विशिष्ट मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित