रांची, 28सितम्बर (वार्ता) झारखंड की राजधानी रांची के नामकुम में इस बार का दुर्गा पूजा पंडाल चर्चा का केंद्र बना हुआ है।

वजह यह है कि यहां मां दुर्गा की प्रतिमा के साथ-साथ कई राजनीतिक हस्तियों और उनकी माताओं की प्रतिमाएं लगाई गई हैं। नामकुम रेलवे स्टेशन के पास नवयुवक संघ जय माता दी क्लब दुर्गा पूजा समिति द्वारा इस विशेष पंडाल का निर्माण कराया गया है, जो धार्मिक आस्था के साथ राजनीतिक संदेश भी दे रहा है।

पंडाल में एक ओर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी मां रूपी सोरेन की प्रतिमा लगाई गई है। दूसरी ओर, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव तथा उनकी मां मरछिया देवी की प्रतिमा को स्थान दिया गया है। समिति के अध्यक्ष बिनोद सिंह ने बताया कि , इस बार पूजा की थीम "मां" पर आधारित है। इसलिए देवी दुर्गा, सरस्वती और लक्ष्मी की गोद में बच्चों को दर्शाया गया है, और इसी भाव से नेताओं को उनकी माताओं के साथ प्रस्तुत किया गया है।

यही नहीं, पंडाल के बगल में एक अन्य मंच पर प्रतिमाओं के जरिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी को "पीएम इन वेटिंग" और तेजस्वी यादव को "बिहार का भावी मुख्यमंत्री" बताया गया है। इसके साथ ही एक झांकी में चुनाव आयोग के खिलाफ पोस्टर लगाया गया है। वहीं, एक प्रतिमा में तेज प्रताप यादव को उनकी मां राबड़ी देवी द्वारा पिटते हुए दिखाया गया है, जिसे उनके पारिवारिक मतभेदों का प्रतीक बताया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित