रांची, 19अक्टूबर (वार्ता) झारखंड की राजधानी रांची के कांके रोड स्थित चौपाटी रेस्टोरेंट के मालिक विजय नाग की शनिवार की देर रात हत्या से इलाके में तनाव व्याप्त हो गया है।

पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि बिरयानी को लेकर हुए विवाद में अपराधियों ने रेस्टोरेंट में घुसकर विजय नाग को गोली मार दी। आरोपियों ने वेज बिरयानी मांगी थी, लेकिन स्टाफ की गलती से उनके पास नॉनवेज बिरयानी पहुंच गई, जिससे विवाद इतना बढ़ा कि हत्या का मामला सामने आया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग जमकर आक्रोशित हो गए और रविवार की सुबह कांके रोड पर सैकड़ों की संख्या में जुटकर रांची-पिठोरिया मार्ग को पूरी तरह से जाम कर दिया। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन पर तेज़ी से मामला न सुलझाने और वसूली में लगे रहने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि थाने में अयोग्य और कमजोर नेतृत्व के कारण अपराधी दिन-ब-दिन हौसले से काम कर रहे हैं।

पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच लगभग एक घंटे तक बातचीत और मनमुटाव चला। इस दौरान कांके विधायक सुरेंद्र बैठा भी घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया।

विधायक ने पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए कि आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया जाए। पुलिस ने भी जनता को भरोसा दिलाया कि जल्द ही हत्यारों को पकड़ा जाएगा।

पुलिस बल बड़ी संख्या में तैनात किया गया ताकि स्थिति नियंत्रण में रह सके। विधायक और पुलिस प्रशासन के समझाने पर प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम हटाया और वाहन परिचालन पुनः शुरू हुआ। इस घटना ने स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित