नयी दिल्ली , मार्च 15 -- दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने रसोई गैस के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधा है और कहा है कि इस मुद्दे को लेकर आप की ओर से त्रिलोकपुरी क्षेत्र निकाली गयी रैली ओछी राजनीति का प्रमाण है।

श्री सचदेवा ने रविवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि देश में रसोई गैस कमी का वातावरण दो कारणों से बन रहा है, जिसमें ईरान और अमेरिका के बीच जारी युद्ध के चलते खाड़ी देशों से आपूर्ति बाधित होना और दूसरा भारत के कुछ राजनीतिक दलों के दुष्प्रचार से कुछ लोगों के दिलोदिमाग में एलपीजी गैस की कमी का भ्रम हो जाना शामिल है।

उन्होंने कहा कि आज आप की ओर से पूर्वी दिल्ली के त्रिलोकपुरी क्षेत्र में गैस सिलेंडर की कमी को लेकर निकाली गयी रैली "आप" नेताओं की ओछी राजनीति का प्रमाण है और ऐसी यात्रा निकाल कर "आप" नेता कालाबाजारियों के लिए उपयुक्त वातावरण निर्मित कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान, बंगलादेश , नेपाल और श्रीलंका से लेकर खुद अमेरिका तक में रसोई गैस आपूर्ति थोड़ा-बहुत प्रभावित हुई है, लेकिन विश्व भर में कहीं भी सरकारों को अपने देश के अंदर के राजनीतिक विरोध का सामना नहीं करना पड़ रहा।

श्री सचदेवा ने कहा कि नोटबंदी के समय एवं कोविड काल में भी "आप" एवं कांग्रेस के नेताओं ने नोटों की कमी से लेकर ऑक्सीजन की कमी तक का दुष्प्रचार किया था, लेकिन देश की जनता ने उनके मुंह पर राजनीतिक तमाचा मारते हुए भाजपा की सरकार चुनी। नोटबंदी और कोविड काल की तरह आज भी देश का सामान्य नागरिक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर विश्वास कर उनके साथ खड़ा रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित