नयी दिल्ली , जनवरी 28 -- मौजूदा रबी फसलों में बुवाई का शानदार सिलसिला बना हुआ है। बीते साल की तुलना में इस रबी के रकबे में 18.24 लाख हेक्टेयरकी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने यहां जारी एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी। इसके अनुसार 23 जनवरी तक के आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष देश में रबी फसलों की बुवाई में शानदार प्रगति देखी गई है। रबी फसलों का कुल क्षेत्रफल अब 660.48 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है। पिछले वर्ष की इसी अवधि में यह रकबा 642.24 लाख हेक्टेयर ही था। यह उछाल न केवल कृषि क्षेत्र की मजबूती को दर्शाता है, बल्कि आने वाले समय में देश की खाद्य सुरक्षा के लिए भी एक सुखद संकेत है।
रबी सीजन की सबसे प्रमुख फसल, गेहूं की बुवाई इस बार 334.17 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में हुई है। पिछले साल के मुकाबले इसमें 6.13 लाख हेक्टेयर की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, धान के रकबे में भी सकारात्मक बदलाव देखा गया है, जो बढ़कर 31.03 लाख हेक्टेयर हो गया है, यानी इसमें 1.80 लाख हेक्टेयर की वृद्धि हुई है। मुख्य खाद्यान्न फसलों में यह बढ़त दर्शाती है कि इस बार देश के अन्न भंडार लबालब भरने वाले हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित