उज्जैन , मार्च 13 -- पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने टिकट चेकिंग अभियान के माध्यम से वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए निर्धारित लक्ष्य को समय से पहले पूरा करते हुए 24 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व अर्जित किया है।

रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि मंडल को चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए टिकट चेकिंग से 22 करोड़ 59 लाख रुपये का लक्ष्य दिया गया था। मंडल ने यह लक्ष्य समय से पहले पूरा करते हुए 10 मार्च 2026 तक 24 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व अर्जित कर लिया।

प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि यह उपलब्धि वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के कुशल मार्गदर्शन तथा मंडल वाणिज्य प्रबंधक और सहायक वाणिज्य प्रबंधक के निर्देशन में कार्यरत टिकट चेकिंग स्टाफ और वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों के निरंतर प्रयासों का परिणाम है।

रतलाम मंडल द्वारा बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाने के लिए लगातार सघन टिकट जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार विभिन्न स्टेशनों और ट्रेनों में नियमित जांच के साथ-साथ विशेष अभियान भी संचालित किए गए, जिससे टिकट रहित यात्रा करने वालों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सका।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि टिकट जांच की सख्त व्यवस्था और यात्रियों को नियमों के प्रति जागरूक करने के प्रयासों के कारण राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। इससे न केवल रेलवे की आय बढ़ी है बल्कि यात्रियों में वैध टिकट लेकर यात्रा करने की प्रवृत्ति भी मजबूत हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित