भरतपुर , फरवरी 13 -- राजस्थान में सवाईमाधोपुर के रणथंभौर में वन्यजीवन के रोचक नजारों के बीच लम्बे सींगों वाले दो सांभर हिरणों की भिड़ंत को देखकर पर्यटक रोमांचित हो गये।
वन विभाग के सूत्रों ने शु्क्रवार को बताया कि बाघ अभयारण्य में आमतौर पर बाघों से जुड़े रोमांच अक्सर देखने को मिल जाते हैं, लेकिन सांभर हिरणों के बीच ऐसी भिड़ंत बहुत कम ही नजर आती है। बताया गया कि यह भिड़ंत कुछ मिनट तक चली, जिसे मौके पर मौजूद पर्यटकों और वन्यजीव फोटोग्राफर ने कैमरे में कैद किया।
सूत्रों ने बताया कि करीब छह मिनट तक चली इस भिडंत के बाद पहले सांभर ने दूसरे पर बढ़त बना ली। इसके बाद दूसरा सांभर पीछे हट गया और वहां से भाग गया। जीतने वाला सांभर कुछ देर तक मौके पर खड़ा रहा, जबकि हारने वाला सांभर जंगल की ओर चला गया। इस दौरान सफारी में मौजूद पर्यटक खासे रोमांचित नजर आये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित