भरतपुर , दिसम्बर 29 -- राजस्थान में सवाईमाधोपुर जिले के रणथंभौर बाघ अभयारण्य में दो बाघिनों में क्षेत्र को लेकर हुए संघर्ष में दोनों बाघिनें घायल हो गयीं।
वन विभाग सूत्रों ने सोमवार को बताया कि इस घटना के सामने आने के बाद वन विभाग ने जोगी महल के आसपास के क्षेत्र को पर्यटकों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया है। सूत्रों ने बताया कि 2504 झी क्षेत्र पर कब्जे को लेकर बाघिन टी-124 रिद्धि और उसकी 'बेटी' में हुए संघर्ष के बाद मां रिद्धि के पैर में गंभीर चोट आई जिससे वह लंगड़ाते हुए दिखाई दे रही थी, साथ ही उसकी 'बेटी' के कान पर गहरा घाव लगा।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग के अधिकारी दल के साथ रविवार शाम पार्क के जोन नंबर तीन में पहुंचे और बाघिन रिद्धि और उसकी 'बेटी' की निगरानी शुरू कर दी। दोनों बाघिनों का उपचार शुरू किया गया है।
पिछले कुछ समय से बाघिन रिद्धि की 'बेटी' इस क्षेत्र पर अपना वर्चस्व जमाने की कोशिश में 'मां' पर हमलावर होती नजर आयी है। इसी कारण दोनों के बीच पहले भी कई बार संघर्ष हो चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित