रांची , जनवरी 23 -- झारखंड के रामगढ़ जिले के प्रसिद्ध सिद्धपीठ रजरप्पा मां छिन्नमस्तिका मंदिर में शुक्रवार को भारत के नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी पहुंचे।
विधि-विधान से मां का दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया।एडमिरल त्रिपाठी ने कहा, "माता रानी ने मुझे बुलाया था। यहां आकर एनर्जी और शांति का अनुभव हुआ। यदि फिर बुलाएंगी, तो अवश्य आऊंगा।" उन्होंने मंदिर प्रशासन का धन्यवाद दिया और शाम की आरती में शामिल होने की इच्छा जताई। रजरप्पा को आध्यात्मिक शक्ति से परिपूर्ण बताते हुए कहा कि यहां मन-आत्मा को सुकून मिलता है।
देश की सुरक्षा पर सख्त लहजे में बोले नेवी चीफ, "देश की कमान सुरक्षित और सक्षम हाथों में है। जो भारत पर तिरछी नजर डालेगा, उसका अंजाम बुरा होगा।" पृथ्वी का 71% हिस्सा समुद्र होने पर जोर देते हुए कहा, "जहां पानी होगा, भारतीय नौसेना वहां पहुंचेगी - कभी भी, कहीं भी, किसी भी तरह से। समुद्री तटों की रक्षा हमारी जिम्मेदारी है।"नौसेना प्रमुख ने स्पष्ट संदेश दिया कि भारतीय नौसेना सतर्क, सशक्त और चुनौतियों से निपटने में सक्षम है। देश की संप्रभुता से कोई समझौता नहीं। नेवी चौबीसों घंटे तैयार रहती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित