भीलवाड़ा , फरवरी 14 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के लाखों लोगों को एक बार फिर पेयजल संकट का सामना करना पड़ेगा।

चम्बल भीलवाड़ा पेयजल परियोजना के तहत होने वाले रखरखाव कार्य के कारण 18 फरवरी की शाम से 20 फरवरी की सुबह तक चम्बल से होने वालीजल आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित रहेगी।

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के परियोजना खंड प्रथम के अधिशाषी अभियंता ने शनिवार को बताया कि चम्बल भीलवाड़ा पेयजल परियोजना के फेज प्रथम, पैकेज प्रथम और द्वितीय के तहत अशोधित स्वच्छ जल प्रेषण प्रणाली और आरोली स्थित जल शोधन संयंत्र के वार्षिक रखरखाव और निवारक रख रखाव के लिए 18 फरवरी को सुबह सात बजे से 36 घंटे का पेयजल आपूर्ति बाधित रहेगी।

उन्होंने बताया कि इसके कारण 18 फरवरी की शाम से 20 फरवरी की सुबह तक भीलवाड़ा शहर सहित पूरे जिले में चम्बल परियोजना से मिलने वाली पेयजल आपूर्ति बाधित रहेगी। ऐसे में पहले से ही अनियमित जल वितरण झेल रहे लोगों को अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ सकती है।

विभाग ने नागरिकों से जलापूर्ति बाधि होने से पहले आवश्यक मात्रा में पानी का भंडारण करने का अनुरोध किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित