नयी दिल्ली , दिसंबर 08 -- कांग्रेस सांसद रंजीत रंजन ने उत्तराखंड के चारधाम यात्रा मार्ग के नाम पर गंगोत्री के पास देवदार के छह हजार पेड़ काटने का मुद्दा उठाया।

श्रीमती रंजन ने शून्यकाल में कहा कि सरकार ने गंगोत्री के पास देवदार के 6,000 पेड़ काटने की अनुमति दी है। उन्होंने कहा कि पहले ही इस इलाके में भूस्खलन आते रहे हैं। इन पेड़ों को काटे जाने से भूस्खलन और बढ़ेगा।

उन्होंने कहा कि इन पेड़ों की जड़ों से निकलने वाले विशेष औषधीय रसों के कारण ही गंगा के पानी में कीटाणु मुक्त होने की क्षमता पैदा होती है। देवदार का मतलब होता है देव-वृक्ष।

उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा मार्ग का काम एक साल से चल रहा है। पर्यावरण मंत्री ने सदन में आश्वासन दिया था कि पेड़ नहीं काटे जायेंगे। लेकिन जमीनी स्तर सरकार कुछ और काम कर रही है। उसने पेड़ काटने की अनुमति दे दी है।

कांग्रेस सांसद ने कहा कि सरकार का तर्क है कि सेना की आवाजाही के लिए इस मार्ग को चौड़ा करना अनिवार्य है लेकिन भूस्खलन के कारण सेना का रास्ता ही एक-एक महीने के लिए बंद रहता है। फिर यह सब किसके लिए किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित