फिरोजाबाद , फरवरी 10 -- फिरोजाबाद जिले के थाना रामगढ़ क्षेत्र में एक कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान को उनके भतीजे ने गोली मार कर घायल कर दिया। घायल प्रधान को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम जाखई के प्रधान सोम प्रकाश सोमवार रात एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम स्थल के बाहर घात लगाकर बैठे आरोपी ने पीछे से उनकी पीठ में गोली मार दी। गोली लगते ही प्रधान मौके पर गिर पड़े, जिससे कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई। घायल प्रधान को तत्काल जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस अधीक्षक नगर रविशंकर प्रसाद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रधान के भतीजे ललित ने व्यक्तिगत रंजिश के चलते घटना को अंजाम दिया। आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित