शिवपुरी , दिसंबर 29 -- मध्यप्रदेश में शिवपुरी जिले के भौंती थाना क्षेत्र के ग्राम खेरोंना में रंजिश के चलते एक आदिवासी युवक की लाठियों से पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने आज एक महिला और उसके पति को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने आज शाम जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम अमर सिंह आदिवासी (23) और उषा आदिवासी (20) हैं। सूत्रों के अनुसार 28 दिसंबर रविवार को फरियादी महिला कमला आदिवासी (62) थाना भौंती पहुंची और रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके बेटे दिलीप की 20 दिसंबर की शाम आरोपी अमर सिंह, उषा सहित लगभग सात लोगों ने लाठी-डंडों से मारपीट की थी।

मारपीट में दिलीप गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे उपचार के दौरान 28 दिसंबर की सुबह मृत्यु हो गई। घटना के बाद फरियादी महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

प्रकरण दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और आज पति-पत्नी अमर सिंह आदिवासी एवं उषा आदिवासी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित