टिहरी , फरवरी 25 -- उत्तराखंड में टिहरी जिला चिकित्सालय बौराडी स्थित आयुष विंग की टीम को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2025 के सफल आयोजन में उल्लेखनीय योगदान के लिए बुधवार को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान कर 11 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया।

21 जून 2025 को आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयुष विंग की टीम ने कार्यक्रम के सफल संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई थी। आयोजन की व्यवस्थाओं से लेकर योगाभ्यास कार्यक्रम के संचालन तक टीम का योगदान सराहनीय रहा।

इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि योग स्वस्थ जीवनशैली की आधारशिला है और समाज को निरोग रखने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी सम्मानित कार्मिकों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई।

सम्मानित होने वालों में डॉ. सत्यबीर रावत, डॉ. सिद्धि मिश्रा, डॉ. कर्ण पाल सिंह, डॉ. विनोद रावत, डॉ. पंकज रतूड़ी, बी.पी. बडोनी, मनोज धिरवाण, रजनी सेमवाल, वैशाली जुयाल, रघुवीर सिंह गुसाईं एवं सरिता खरोला शामिल रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित